नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने लंबे समय से खाली पड़े दिल्ली महिला आयोग (DCW) के अध्यक्ष पद पर लता गुप्ता की नियुक्ति कर दी है। इसके साथ ही आयोग को सक्रिय बनाने के लिए पांच नए सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इन नियुक्तियों से आयोग के कामकाज को नई गति मिलेगी और महिलाओं से जुड़े मामलों के समाधान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
पांच नए सदस्यों को भी मिली जिम्मेदारी
सरकार ने लता गुप्ता के साथ श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सनरिका शर्मा झा और रेनू भल्ला को दिल्ली महिला आयोग का सदस्य नियुक्त किया है। महिला आयोग का अध्यक्ष पद जनवरी 2024 से रिक्त था, जब तत्कालीन अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के इस्तीफे के बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया था। इसके बाद करीब ढाई वर्षों तक आयोग बिना अध्यक्ष के काम करता रहा।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि दिल्ली महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों की रक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण संस्था है। नई नियुक्तियों से आयोग की कार्यप्रणाली मजबूत होगी और महिलाओं को न्याय, सुरक्षा तथा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पहले से अधिक प्रभावी बनेगी।
सुप्रीम कोर्ट ने भी जताई थी चिंता
दिल्ली महिला आयोग में लंबे समय तक अध्यक्ष और सदस्यों के पद खाली रहने पर सुप्रीम कोर्ट ने भी चिंता व्यक्त की थी। दिसंबर 2025 में सुनवाई के दौरान अदालत ने सवाल उठाया था कि आयोग निष्क्रिय रहने की स्थिति में महिलाओं की शिकायतों का समाधान कैसे होगा। राजधानी के विकास भवन स्थित आयोग का कार्यालय जनवरी 2024 से लगभग निष्क्रिय स्थिति में था। आयोग महिलाओं के उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, कानूनी सहायता, परामर्श और बचाव जैसे मामलों में अहम भूमिका निभाता है।
अल्पसंख्यक आयोग में भी नई नियुक्तियां
दिल्ली सरकार ने महिला आयोग के साथ-साथ दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग में भी नई नियुक्तियां की हैं। सरकार ने निर्मल जैन को आयोग का अध्यक्ष बनाया है, जबकि कुलदीप सिंह और मोहम्मद हारून को सदस्य नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि ये नियुक्तियां सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।