नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश की उपलब्धियों पर चर्चा की।
राष्ट्र रक्षकों और कारगिल हीरोज को नमन
पीएम मोदी ने देश की रक्षा करने वाले सभी वीरों को सलाम किया और कारगिल हीरोज को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भारत की बढ़ती रक्षा क्षमताओं का उल्लेख किया। 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस की देश के जवानों और जनता को बधाई दी।
अंतरिक्ष क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि
उन्होंने कहा कि पिछले रविवार विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण से हर देशवासी गर्व से भर गया। यह प्राइवेट स्पेस सेक्टर (स्कायरूट) की उपलब्धि है और पूरा देश इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना।
महिला क्रिकेट टीम की जीत को सराहा
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लंदन के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स मैदान पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस पर पीएम मोदी ने टीम को बधाई दी। वहीं पीवी सिंधू ने बैडमिंटन में जापान ओपन का खिताब जीतकर पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। पीएम मोदी ने ग्लासगो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं।
जल संरक्षण अभियान
‘कैच द रेन’ अभियान का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसका संदेश सरल है-पानी का प्रभावी संरक्षण। उन्होंने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के प्रयासों की सराहना की। साथ ही केरल के एर्नाकुलम में फुटबॉल और संस्कृत को खूबसूरती से जोड़ने वाले अनोखे प्रयास का उल्लेख किया।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर
‘एक पेड़ मां के नाम’ संकल्प का जिक्र करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।पीएम मोदी ने कहा कि ये उपलब्धियां देश की प्रगति, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी को दर्शाती हैं। उनका यह कार्यक्रम आकाशवाणी, दूरदर्शन और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित हुआ।