चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को मेवात के पुन्हाना में आयोजित मेवात विकास संकल्प रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। रैली के आयोजक चौधरी जावेद खान थे। इस दौरान मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ पगड़ी पहनाकर सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में शहीद हसन खां मेवाती को नमन करते हुए कहा कि वर्षों तक उपेक्षा का दंश झेलने वाला मेवात आज विकास, विश्वास और नई संभावनाओं की नई पहचान बन रहा है। डबल इंजन सरकार की पारदर्शी कार्यशैली और जनकल्याणकारी नीतियों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, रोजगार और महिला सशक्तिकरण सहित हर क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन वाले कार्य हो रहे हैं।
आने वाला समय मेवात का है
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब मेवात सहित प्रदेश का प्रत्येक क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा। आने वाला समय मेवात का है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश पर 55 साल तक राज करने वाली कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा था। अब वह युवाओं के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में किस प्रकार पेपर लीक होते थे, पर्ची-खर्ची चलती थी और बच्चों के साथ धोखा होता था, यह सब जानते हैं।
युवाओं के नाम पर राहुल गांधी चला रहे बंद दुकान
आज युवाओं के नाम पर राहुल गांधी अपनी राजनीतिक बंद पड़ी दुकान को चलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कह चुके हैं कि युवाओं के हित सर्वोपरि हैं। इसलिए एनटीए के अधिकारियों और कर्मचारियों को बर्खास्त तक किया गया। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आने वाले वर्षों में जब हरियाणा के विकास की चर्चा होगी तो लोग कहेंगे कि मेवात ने इतिहास बदला।