मनोहर लाल ने पानीपत में की DISHA समिति की बैठक, अधिकारियों को कई अहम दिए निर्देश

पानीपत: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को हरियाणा के पानीपत जिला सचिवालय में जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (DISHA) की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्र और हरियाणा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री, पानीपत जिले के विधायक तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की मौजूदा स्थिति का आकलन किया गया। अधिकारियों से योजनाओं के जमीनी स्तर पर हो रहे प्रभाव की जानकारी ली गई और यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

मनोहर लाल ने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।

बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने, योजनाओं के परिणामों का मूल्यांकन करने और कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। मनोहर लाल ने यह भी कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही से जनता का विश्वास मजबूत होता है और शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी बनती है।

विकसित भारत, विकसित हरियाणा’ के संकल्प पर जोर

मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत, विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार अंत्योदय, सुशासन और जनसेवा के मूल मंत्र के साथ लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *