बाराबंकी में CM योगी का ऐलान, लोधेश्वर महादेव मंदिर में बनेगा काशी जैसा कॉरिडोर

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर लोधेश्वर महादेव मंदिर का भी भव्य कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस परियोजना के लिए बजट उपलब्ध करा दिया है और इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के साथ आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार होगा।

काशी की तर्ज पर होगा विकास

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर प्रदेश की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां आसपास के कई जिलों से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। इसके बावजूद वर्षों तक इस मंदिर की उपेक्षा होती रही। उन्होंने कहा कि अब सरकार इस धरोहर के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर यहां भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर तक पहुंचने के लिए फोर लेन सड़क का भी निर्माण कराया जाएगा।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने धार्मिक स्थलों के विकास की अनदेखी की, जबकि वर्तमान सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा, “पहले कट्टा और बम था, अब ब्रह्मोस मिसाइल है।” इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाओं व व्यापारियों के लिए सुरक्षित माहौल बना है।

विकास कार्यों का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने जेपीएनआईसी, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोमती रिवर फ्रंट जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए पिछली सरकारों पर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का उपयोग अब धार्मिक स्थलों, सड़क और अन्य विकास परियोजनाओं पर किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करने की भी अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *