नारायणगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को नारायणगढ़ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को “पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक” बताते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 114 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 7 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। इसके साथ ही 223 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्रदेश भर के 325 अमृत सरोवर भी आज प्रदेश की जनता को समर्पित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह केवल परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं है। यह स्वस्थ हरियाणा और समृद्ध हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
100 बेड का हुआ नागरिक अस्पताल
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि आज लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 50 बेड के नए ब्लॉक का उद्घाटन किया गया है। इसके साथ ही नारायणगढ़ का नागरिक अस्पताल अब 100 बेड का हो गया है। इससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भी शुभारंभ किया गया, जिससे प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
सीएम सैनी ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में भाजपा सरकार के कार्यकाल में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए गए हैं। आज की परियोजनाओं को मिलाकर अब तक क्षेत्र में 858 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान नारायणगढ़ में कुल 74 घोषणाएं की गई थीं, जिनमें से 61 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं और 5 पर काम तेजी से चल रहा है।
डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य कर्मियों को दी बधाई
डॉक्टर्स डे के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश के सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा वर्करों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रत्येक कर्मयोगी को हृदय से बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोविड काल से लेकर अब तक स्वास्थ्य कर्मियों ने जिस समर्पण से सेवा की है वह सराहनीय है। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है। इसका उदाहरण 11 फरवरी को प्रदेश के 17 जिलों में डे-केयर कैंसर सेंटर का शुभारंभ है।
शिक्षा और रोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उनकी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी जन कल्याण के कामों को गति से कर रही है। इस वित्त वर्ष के बजट में नारायणगढ़ में नए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के लिए बजट का प्रावधान किया गया है। इससे क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।
किए ये बड़े ऐलान
उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में 10 नए आईएमटी स्थापित किए जाएंगे। इनमें अंबाला और नारायणगढ़ भी शामिल हैं। इनके लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। आईएमटी बनने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने नारायणगढ़ और शहजादपुर के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि राजकीय कॉलेज में युवाओं के लिए स्केटिंग ग्राउंड बनाया जाएगा। नारायणगढ़ में अनाज मंडी के सामने स्थित मैदान को “सनातन मैदान” के रूप में विकसित किया जाएगा। शहजादपुर में जल्द एक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा ताकि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।
राजकीय महिला आईटीआई हुसैनी मार्ग के लिए भी सरकार भूमि उपलब्धता पर नई सरकारी इमारत बनवाएगी। इसके अलावा नारायणगढ़ और शहजादपुर में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण करवाया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिले। मुख्यमंत्री ने कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये अलग से देने की घोषणा भी की।