अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में किया नेतृत्व, देश भर में हुए कार्यक्रम

International Yoga Day

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व किया। हजारों योग प्रेमियों के साथ उन्होंने कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) सत्र में भाग लिया और संबोधित भी किया। यह पहला मौका है जब पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार का यह प्रमुख कार्यक्रम आयोजित हो रहा है।

कार्यक्रम सुबह 5 बजे शुरू हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों की मुद्राओं को भी सही किया, जिससे वे एक योग शिक्षक की भूमिका में नजर आए। इस वर्ष का थीम ‘Yoga for Healthy Ageing’ (स्वस्थ आयु के लिए योग) रहा, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, भावनात्मक लचीलापन और सक्रिय वृद्धावस्था पर केंद्रित है। पीएम मोदी ने कहा कि योग अब दुनिया का सबसे बड़ा सामुदायिक उत्सव बन चुका है।

21 जून को होता है पृथ्वी का सबसे लंबा दिन

21 जून को पृथ्वी का सबसे लंबा दिन होने के कारण इसे योग दिवस के रूप में चुना गया था, जो अब वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य और शांति का प्रतीक बन गया है।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई केंद्रीय और राज्य मंत्री विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों में शामिल हुए। कोलकाता में लगभग 35,000 से अधिक प्रतिभागी एक साथ योगासन कर रहे थे। पूरे पश्चिम बंगाल में एक लाख से ज्यादा स्थानों पर योग सत्र आयोजित किए गए।

ड्रोन शो और मैराथन भी हुआ

आयोजन में ड्रोन शो, ‘दौड़ से ध्यान’ मैराथन, नाव पर योग (Guinness रिकॉर्ड प्रयास) और AI आधारित ‘Vande Yogam’ प्रस्तुति जैसी आकर्षक गतिविधियां शामिल रहीं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी बंगाल स्थापना दिवस (20 जून) समारोह में भी शामिल हुए, जो इस वर्ष भाजपा नीत सरकार के तहत पहली बार बड़े स्तर पर मनाया गया। रेड रोड को 14 जून से बंद रखा गया था। ताकि तैयारियां सुचारू रूप से हो सकें।

पीएम मोदी के आह्वान पर यूएन ने घोषित किया था दिवस

योग का वैश्विक महत्व: संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्ताव पर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। आज 190 से अधिक देशों में यह मनाया जा रहा है। भारत में 12 लाख से ज्यादा स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने योग को ‘मानवता के लिए पॉज बटन’ बताते हुए कहा कि यह व्यक्तिगत स्वास्थ्य से लेकर वैश्विक शांति तक का माध्यम बन सकता है। कोलकाता कार्यक्रम ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत-स्वस्थ विश्व के संदेश को मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *