पंचकूला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक तारकेश्वर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी है। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और किसानों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “आज का यह अवसर भारत के अन्नदाता के सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि का उत्सव है।” उन्होंने शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा कि कृषि केवल जीविका का साधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है।
देश के विकास में किसानों का बड़ा योगदान
सीएम सैनी ने किसानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि हमारे किसानों ने देश को खाद्यान्न संकट से बाहर निकालकर दुनिया के सबसे बड़े कृषि उत्पादक देशों में खड़ा किया है। आजादी के बाद अन्न की कमी के समय वैज्ञानिकों और किसानों ने मिलकर हरित क्रांति का इतिहास रचा। आज भी जब कृषि विकास की चर्चा होती है, तो हरियाणा के किसानों के परिश्रम और योगदान को गर्व के साथ याद किया जाता है।
किसानों के खातों में सीधे जा रहा पैसा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि आज देश के 9 करोड़ 44 लाख किसानों के खातों में सीधे 18,880 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा रहे हैं। इनमें हरियाणा के 15 लाख 95 हजार 644 किसानों के खातों में 319 करोड़ 13 लाख रुपये शामिल हैं। 23वीं किस्त सहित अब तक हरियाणा के किसानों को कुल 7,881 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि दी जा चुकी है।
PM मोदी की तारीफ़
नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने किसान कल्याण को शासन की प्राथमिकता बनाया है। हरियाणा सरकार भी इस दिशा में तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने सरकार की प्रतिबद्धताओं पर जोर देते हुए कहा कि हम किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने और कृषि तकनीक से जोड़ने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
जल संरक्षण की अपील
अंत में उन्होंने सभी से अपील की, “आइए हम जल संरक्षण, आधुनिक तकनीक को अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और कृषि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लें।”यह योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार साबित हो रही है।