सीएम रेखा गुप्ता ने परिवहन विभाग के दफ्तरों का किया अचानक निरीक्षण, बोलीं लापरवाही बर्दाश्त नहीं’

cm Rekha Gupta

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बुराड़ी स्थित परिवहन विभाग के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (DTO), वाहन निरीक्षण इकाई, वाहन प्रशिक्षण संस्थान और निर्माणाधीन ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) का दौरा कर नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

ATS का काम समय पर पूरा करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने विशेष रूप से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम तय समयसीमा में पूरा होना चाहिए। सीएम ने कहा कि ATS के शुरू होने से वाहन फिटनेस जांच में पारदर्शिता आएगी।

‘सेवा सरल और समयबद्ध हो’

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता सरकारी दफ्तरों में सुविधा के लिए आती है। हमारी सरकार का संकल्प है कि हर सेवा सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए। सीएम ने स्पष्ट किया कि जहां कमी मिलेगी, वहां सुधार होगा और जहां लापरवाही मिलेगी, वहां जवाबदेही तय की जाएगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकारी दफ्तरों में जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने वाहन प्रशिक्षण संस्थान और वाहन निरीक्षण इकाई में भी सुविधाओं की जानकारी ली और सुधार के सुझाव दिए।

गौरतलब है कि दिल्ली सरकार परिवहन विभाग की सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने पर जोर दे रही है। ATS के बनने से मैनुअल जांच की जगह ऑटोमेटिक सिस्टम से वाहनों की फिटनेस चेक होगी, जिससे भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *