हिमाचल निकाय चुनाव: BJP ने कांग्रेस से छीने धर्मशाला-सोलन नगर निगम, 4 में से 3 पर कब्जा; 2027 से पहले मिली बड़ी जीत

शिमला: हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य के चार में से तीन नगर निगमों पर अब बीजेपी का कब्जा हो गया है। कांग्रेस के हाथ से धर्मशाला और सोलन नगर निगम निकल गए हैं। कांग्रेस के पास सिर्फ पालमपुर बचा है। अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव से पहले इसे बीजेपी के लिए बड़ा बूस्ट माना जा रहा है।

63 में से 37 सीटों पर बीजेपी का कब्जा

17 मई को हुए चुनाव के नतीजे रविवार को आए। कुल 63 वार्डों में बीजेपी ने 37, कांग्रेस ने 23 और निर्दलीयों ने 3 सीटें जीतीं। मंडी नगर निगम में बीजेपी ने 15 में से 12 सीटें जीतकर अपना कब्जा बरकरार रखा। कांग्रेस को यहां सिर्फ 1 सीट मिली।

धर्मशाला-सोलन में पलटा खेल

धर्मशाला में बीजेपी ने 17 में से 11 सीटें जीतकर कांग्रेस से नगर निगम छीन लिया। कांग्रेस को 5 सीटें मिलीं। सोलन में भी बीजेपी 17 में से 10 सीटों के साथ आगे रही। कांग्रेस 6 सीटों पर सिमट गई। दोनों जगह एक-एक सीट निर्दलीय के खाते में गई।

कांग्रेस सिर्फ पालमपुर बचा पाई

कांग्रेस सिर्फ पालमपुर नगर निगम बचा सकी। यहां 15 में से 11 वार्ड जीतकर उसने फिर नियंत्रण हासिल किया। बीजेपी को 4 सीटें मिलीं। पालमपुर में सबसे ज्यादा 68.97% मतदान हुआ। मंडी में 66.78%, धर्मशाला में 60.01% और सोलन में 58.32% वोट पड़े।

BJP बोली- जनमत संग्रह, कांग्रेस ने नकारा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि नतीजे बताते हैं कि जनता ने सुक्खू सरकार को नकार दिया है। ये चुनाव कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनमत संग्रह हैं।

वहीं सीएम के मीडिया सलाहकार और कांग्रेस नेता नरेश चौहान ने कहा कि इन चुनावों में सिर्फ 15% मतदाताओं ने हिस्सा लिया। चार विधानसभा क्षेत्रों के आधार पर पूरे राज्य का मूड नहीं आंका जा सकता। पार्टी उम्मीदवार चयन समेत स्थानीय कारणों की समीक्षा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *