नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच जल्द ही एक अहम मुलाकात हो सकती है। खास बात यह है कि यह बैठक भारत या अमेरिका में नहीं बल्कि फ्रांस में होगी। दोनों नेता जून में फ्रांस में होने वाले G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान आमने-सामने बैठ सकते हैं।
फ्रांस में G-7 सम्मेलन में होगी मुलाकात
इस साल G-7 देशों की बैठक 15 से 17 जून तक फ्रांसीसी आल्प्स के एवियन-लेस-बेंस में आयोजित होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप इस सम्मेलन में शामिल होंगे। वहीं फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फरवरी 2026 में भारत दौरे के दौरान पीएम मोदी को G-7 सम्मेलन का निमंत्रण दिया था। ऐसे में पीएम मोदी का फ्रांस दौरा तय माना जा रहा है।
AI और व्यापार पर होगी चर्चा
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार, ट्रंप G-7 बैठक में AI, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय अपराध के खिलाफ लड़ाई जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। हालांकि इस बैठक में कोई हस्ताक्षरित समझौता नहीं होगा। इसका मकसद आम सहमति बनाना है ताकि भविष्य के समझौतों की नींव रखी जा सके। ईरान का मुद्दा भी एजेंडे में शामिल हो सकता है, लेकिन ट्रंप का फोकस व्यापार पर ज्यादा रहेगा।
फरवरी 2025 में व्हाइट हाउस में हुई थी पिछली मुलाकात
पीएम मोदी और ट्रंप की इससे पहले 13 फरवरी 2025 को व्हाइट हाउस में मुलाकात हुई थी। अब करीब 4 महीने बाद दोनों नेता फिर एक मंच पर दिख सकते हैं। दिलचस्प बात यह है कि G-7 की बैठक ट्रंप के 80वें जन्मदिन के एक दिन बाद हो रही है।
पीएम मोदी का दौरा कंफर्म
फ्रांस के दूतावास ने मार्च में ही पीएम मोदी के G-7 में शामिल होने की पुष्टि कर दी थी। राष्ट्रपति मैक्रों 17 से 19 फरवरी 2026 तक भारत दौरे पर आए थे और पीएम मोदी को न्योता दिया था।
G-7 दुनिया की 7 सबसे विकसित अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और कनाडा शामिल हैं। यूरोपियन यूनियन भी इस बैठक में हिस्सा लेता है।