पीएम मोदी को मिला नार्वे का सर्वोच्च सम्मान, प्रधानमंत्री ने जताया आभार

पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान देते नार्वे के राजा हेराल्ड पंचम

ओस्लो (नॉर्वे): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमवार को नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से नवाजा गया। नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम ने ओस्लो में यह सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान नॉर्वे का सबसे उच्च कोटि का पुरस्कार है, जो अंतरराष्ट्रीय संबंधों और वैश्विक नेतृत्व में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है।

पीएम मोदी को अब तक मिले 32 अंतरराष्ट्रीय सम्मान

यह पीएम मोदी का 32वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इस सम्मान से भारत-नॉर्वे के बीच गहरे संबंधों और प्रधानमंत्री की वैश्विक छवि को और मजबूती मिली है। यह प्रधानमंत्री मोदी की नॉर्वे की पहली यात्रा है, जो 43 वर्ष बाद हो रही है। सम्मान ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा: “आज मुझे नॉर्वे की धरती पर यह उच्च सम्मान मिला है, इसके लिए मैं राजा हेराल्ड-V और नॉर्वे की सरकार एवं जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान केवल मेरे व्यक्तिगत नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयासों, भारत की प्रगति और उसके वैश्विक योगदान का सम्मान है।”

भारत-नार्वे का लोकतंत्र और शांति में भरोसा

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नॉर्वे दोनों लोकतंत्र, शांति और सस्टेनेबल डेवलपमेंट के मूल्यों में विश्वास रखते हैं। आज दुनिया जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और नवाचार की चुनौतियों का सामना कर रही है। भारत और नॉर्वे मिलकर इन क्षेत्रों में मजबूत साझेदारी कर सकते हैं। हमारा लक्ष्य है कि दोनों देशों के बीच व्यापार, हरित ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई ऊंचाइयों पर ले जाना। नॉर्वे की समुद्री विशेषज्ञता और भारत की युवा शक्ति तथा स्टार्टअप संस्कृति का मेल विश्व के लिए नई आशा पैदा कर सकता है।

विश्व कल्याण के लिए प्रतिबद्ध भारत

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के मंत्र पर चलते हुए विश्व कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। यह सम्मान हमें और अधिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर भारतीय समुदाय ने पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भरतनाट्यम, कथक और मोहिनीअट्टम जैसी प्रस्तुतियां दी गईं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा भारत-नॉर्डिक संबंधों को नई दिशा देगी। प्रधानमंत्री ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक की, जिसमें हरित हाइड्रोजन, समुद्री अर्थव्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। यह सम्मान पीएम मोदी की वैश्विक नेतृत्व क्षमता और भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *