अंबाला में सीएम सैनी ने किया महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण, सुनाई संघर्ष की गाथा

अंबाला (शहजादपुर): हरियाणा सरकार द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महापुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित की। रविवार को शहजादपुर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी.के. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्पांजलि अर्पित की।

सीएम सैनी ने सुनाई महाराणा प्रताप के पराक्रम की कहानी

सीएम सैनी ने कहा कि महाराणा प्रताप का जन्म उस कठिन काल में हुआ जब देश अन्याय, उत्पीड़न और सांस्कृतिक विनाश के बादलों से घिरा था। वे साहस, पराक्रम, वीरता और स्वाभिमान के अनुपम प्रतीक थे। मुगल सम्राट अकबर के विरुद्ध लंबे संघर्ष के दौरान उन्होंने जंगलों में घास की रोटी खाई, लेकिन कभी समझौता नहीं किया। उनका वफादार घोड़ा चेतक और हाथी रामप्रसाद त्याग व बलिदान के जीवंत उदाहरण हैं।

राजपूतों को सराहा

सीएम ने राजपूत समाज की सराहना करते हुए कहा कि राजपूत कोई एक जाति नहीं, बल्कि न्याय, सच्चाई और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक हैं। इस समाज ने देश को महान शासक दिए और स्वतंत्रता संग्राम व राष्ट्ररक्षा में अनेक कुर्बानियां दीं। महाराणा प्रताप का जीवन हमें सिखाता है कि स्वाभिमान जीवित रहने तक आत्मा जीवित रहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज सशक्त भारत का सपना महाराणा प्रताप के आदर्शों को साकार कर रहा है।

कार्यक्रम में की गई प्रमुख घोषणाएं

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महाराणा प्रताप अध्ययन केंद्र व चेयर की स्थापना।
शहजादपुर के राजकीय महिला महाविद्यालय का नाम बदलकर महारानी पद्मावती राजकीय महाविद्यालय करने का ऐलान।
अंबाला (नारायणगढ़ क्षेत्र) के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये।
राजपूत छात्रावास निर्माण के लिए 31 लाख रुपये।
शहजादपुर के कच्चे नाले को पक्का करवाने की घोषणा।

यह कार्यक्रम संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत आयोजित हुआ। सीएम सैनी ने युवाओं से अपील की कि वे महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेकर देशभक्ति, साहस और स्वाभिमान की राह पर चलें। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *