CM रेखा गुप्ता ने लड़कियों को वितरण की साइकिल, ईंधन बचत का दिया संदेश

New Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली सरकार की बेटियों को साइकिल वितरण योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत के आह्वान से जोड़ते हुए कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ईंधन संरक्षण का अनूठा उदाहरण है।

“प्रधानमंत्री मोदी जी ने हम सभी से ईंधन बचाने की अपील की है और इसके कई तरीके हैं। हर व्यक्ति अपने स्तर पर यह प्रयास कर रहा है। आज इस कार्यक्रम में बेटियों को दी जा रही साइकिल पूरे परिवार के लिए उपयोगी साधन बनेगी, जो ईंधन बचाने में भी मदद करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की इस योजना के तहत हम सभी बेटियों को साइकिल देने की तैयारी कर रहे हैं।

विद्यावाहिनी योजना

योजना के तहत दिल्ली सरकार सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा 9 की लगभग 1.3 लाख बेटियों को हर साल मुफ्त साइकिल वितरित करने जा रही है। इस योजना पर करीब 90 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। मुख्य उद्देश्य लंबी दूरी के कारण स्कूल छोड़ने वाली लड़कियों की संख्या कम करना, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

1100 बेटियों को बांटी साइकिल

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पितमपुरा स्थित सरकारी बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 1100 से अधिक बेटियों को साइकिलें वितरित कीं। इस अवसर पर कन्या पूजन भी किया गया। सरकार का मानना है कि साइकिल से न केवल बेटियां स्कूल आसानी से आ-जा सकेंगी, बल्कि परिवार भी दैनिक कामों के लिए पेट्रोल-डीजल वाले वाहनों पर कम निर्भर रहेगा। इससे दिल्ली में वाहन उत्सर्जन भी कम होगा।

पीएम मोदी भी कर चुके हैं अपील

प्रधानमंत्री के ईंधन बचत आह्वान के अनुरूप दिल्ली सरकार ने वर्क फ्रॉम होम, वर्चुअल मीटिंग और नो व्हीकल डे जैसे कई कदम पहले ही उठाए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस योजना से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की बेटियों की उपस्थिति और शैक्षणिक नतीजे बेहतर होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों का उत्थान परिवार और समाज को मजबूत बनाता है। “बेटियों के उज्ज्वल भविष्य से दिल्ली का भविष्य चमकेगा।”

माता-पिता और छात्राओं ने इस व्यावहारिक पहल का स्वागत किया है। यह योजना सामाजिक कल्याण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *