आर्ट ऑफ लिविंग के 45वें स्थापना दिवस प्रोग्राम में शामिल हुए पीएम मोदी, ‘ध्यान मंदिर’ का किया उद्घाटन

PM Modi Bengaluru Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए ‘ध्यान मंदिर’ का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर भी मौजूद रहे। संस्था की ओर से गुरुदेव के 70वें जन्मोत्सव को विशेष उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

कैसा है नया ‘ध्यान मंदिर’?

आर्ट ऑफ लिविंग परिसर में निर्मित ‘ध्यान मंदिर’ एक विशाल ध्यान एवं सांस्कृतिक केंद्र है, जिसमें करीब 20 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। लगभग 1.06 लाख वर्गफुट क्षेत्र में फैले इस केंद्र में 65 हजार वर्गफुट का रूफ गार्डन भी बनाया गया है।निचले तल पर आधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीक से लैस भव्य हॉल तैयार किया गया है, जहां वर्षभर आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। हॉल में मुख्य मंच, हवन मंच, डिजिटल स्क्रीन, आधुनिक साउंड सिस्टम और अनुवादक केबिन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इसके अलावा केंद्र को कई ज़ोन में विभाजित किया गया है, जहां अलग-अलग प्रवेश-निकास द्वार, पेयजल, शौचालय, स्मारिका दुकानें, कैफे, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और एम्बुलेंस सुविधा भी मौजूद है। बैकस्टेज क्षेत्र में ग्रीन रूम और वीआईपी लाउंज बनाए गए हैं।

“शताब्दी समारोह में फिर आऊंगा”

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरुदेव के 70वें जन्मवर्ष का यह आयोजन उनके लिए विशेष अनुभव है। उन्होंने कहा आज गुरुदेव के 70 वर्ष पूरे होने का कार्यक्रम है। जब शताब्दी समारोह होगा, तब मैं फिर यहां आने का प्रयास करूंगा।” प्रधानमंत्री ने ‘ध्यान मंदिर’ के निर्माण को सेवा और स्पष्ट संकल्प का परिणाम बताते हुए कहा कि जब कार्य समाजहित और समर्पण की भावना से किया जाता है, तब उसके सकारात्मक परिणाम निश्चित रूप से सामने आते हैं।

बेंगलुरु की आध्यात्मिक पहचान का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बेंगलुरु केवल सॉफ्टवेयर और सेवा क्षेत्र के लिए ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना को नई ऊंचाई देने के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति किसी भी सरकार से अधिक प्रभावशाली होती है और राष्ट्र निर्माण तभी संभव है, जब जनता स्वयं सक्रिय भागीदारी निभाए।

युवाओं और नवाचार पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने युवाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि भारत डिजिटल भुगतान, नए उद्योगों और अंतरिक्ष तकनीक जैसे क्षेत्रों में तेजी से वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियों के पीछे युवाओं की ऊर्जा और संस्थाओं द्वारा दिया जा रहा सकारात्मक मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *