हिमाचल प्रदेश की जुड़वा बहनें बनीं ICSE हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा की टॉपर

शिमला:‘इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन’(ICSE) की हाईस्कूल की परीक्षा में हिमाचल प्रदेश की जुड़वां बहनें अविशा स्याल और सिरिशा स्याल टॉपर बनीं हैं। दोनों बहनों ने आईसीएसई कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में क्रमशः 99.4 प्रतिशत और 99.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। ये दोनों बहनें शिमला के ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर गर्ल्स की छात्राएं हैं।

माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

अविशा और सिरिशा ने अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इसका श्रेय उनके माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल को जाता है, जिन्होंने उन्हें सही मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि जिज्ञासु बने रहना, निरंतर मेहनत करना, खेल-कूद के लिए समय निकालना और आपसी तालमेल उनकी सफलता के प्रमुख कारण रहे।

इंजीनियर बनना है सपना

दोनों बहनों ने यह भी कहा कि उन्होंने पढ़ाई के लिए कोई सख्त समय-सारिणी नहीं बनाई, लेकिन रोजाना होमवर्क पूरा करने और नियमित रूप से दोहराने पर ध्यान दिया। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को उन्होंने सलाह दी कि वे निरंतर मेहनत करें और अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें। पढ़ाई के अलावा, दोनों बहनें स्कूल की बास्केटबॉल और टेबल टेनिस टीमों की सदस्य हैं और गिटार बजाने का भी शौक रखती हैं। डॉक्टर कार्तिक स्याल और डॉक्टर गीतिका स्याल की बेटियां अविशा और सिरिशा आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *