वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 6350 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कुल 163 परियोजनाओं को आगे बढ़ाया, जिनमें कई बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, जल आपूर्ति और पर्यटन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री ने 1050 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 48 पूरी हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि करीब 5300 करोड़ रुपये की 112 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। उद्घाटन की गई परियोजनाओं में वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का चौड़ीकरण, कज्जाकपुरा और कादीपुर में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण तथा भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाला जल शोधन संयंत्र शामिल है।
नई योजनाओं की रखी आधारशिला
प्रधानमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं की नींव रखी, उनमें अमृत 2.0 के तहत 13 सीवरेज और जलापूर्ति योजनाएं, श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल में 500 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक, तथा भोजूबीर और सिगरा में मार्केट कॉम्प्लेक्स शामिल हैं। इसके अलावा तालाबों के पुनर्जीवन, 198 बिस्तरों वाले अस्पताल के पुनर्विकास, 100 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक और प्रमुख घाटों पर पर्यटन सुविधाओं के विकास जैसी योजनाएं भी शामिल हैं।
अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाएं
रामनगर में एकीकृत मंडलीय कार्यालय, नगर निगम भवन, बाल आश्रय गृह और किशोर न्याय बोर्ड की भी आधारशिला रखी गई। इसके साथ ही वाराणसी जंक्शन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन तथा गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल परियोजना की शुरुआत भी की गई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध उत्पादकों को 105 करोड़ रुपये से अधिक का बोनस भी हस्तांतरित किया। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से वाराणसी में स्वास्थ्य, यातायात, जल आपूर्ति और पर्यटन सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा और शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।