West Bengal Assembly elections 2026: (कोलकाता): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है, तो महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उद्योगों को वापस लाना और राज्य को “घुसपैठियों से मुक्त” बनाना उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता होगी।
हावड़ा में रोड शो के दौरान क्या बोले शाह
हावड़ा में एक रोड शो के दौरान जब शाह से पूछा गया कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी सबसे पहले क्या करेगी, तो उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सबसे बड़ा एजेंडा होगा। इसके साथ ही राज्य में उद्योगों को फिर से स्थापित करने और घुसपैठ के मुद्दे पर सख्ती बरतने की बात भी कही।
उद्योग और सुरक्षा पर जोर
शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास को दोबारा गति देना भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल होगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
मतदान प्रतिशत पर प्रतिक्रिया
तृणमूल कांग्रेस के उस दावे पर कि पहले चरण में उच्च मतदान प्रतिशत एसआईआर कवायद के खिलाफ जनता के गुस्से को दर्शाता है, शाह ने कहा कि इसका जवाब 4 मई को मतगणना के दिन मिल जाएगा।
राज्य की 152 सीटों पर पहले चरण में लगभग 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद सभी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण को लेकर पूछे गए सवाल पर शाह ने कहा कि इस पर वे मतदान समाप्त होने के बाद ही टिप्पणी करेंगे। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है।