Iran-US War: तेहरान: ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर स्थिति फिर गंभीर हो गई है। ईरान ने एक बार फिर इस अहम समुद्री मार्ग पर सख्त नियंत्रण लागू कर दिया है, जिसके चलते कई जहाजों को बीच रास्ते से लौटते देखा गया।
वीडियो जारी कर दिया सख्त संदेश
ईरान के सरकारी मीडिया ने जहाजों की ट्रैकिंग से जुड़ा एक वीडियो जारी किया है, जिसमें कई जहाज हॉर्मुज से वापस लौटते नजर आ रहे हैं। इसके साथ संदेश दिया गया कि “दुश्मन और सैन्य जहाजों को इस जलडमरूमध्य से गुजरने का कोई अधिकार नहीं है।”
नाकाबंदी पर टकराव बढ़ा
ईरान का आरोप है कि अमेरिका उसकी समुद्री गतिविधियों पर “तथाकथित नाकाबंदी” लागू कर आर्थिक दबाव बना रहा है। इसी के जवाब में ईरानी बलों ने जलडमरूमध्य पर नियंत्रण कड़ा कर दिया है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा कि यह कदम देश की संप्रभुता और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए उठाया गया है।
पुरानी स्थिति में लौटाया नियंत्रण
आईआरजीसी के अनुसार, हॉर्मुज जलडमरूमध्य अब “पिछली स्थिति” में लौट आया है, जहां ईरानी सशस्त्र बलों का कड़ा नियंत्रण रहेगा। ईरानी प्रसारक आईआरआईबी के हवाले से कहा गया है कि जब तक अमेरिका पूर्ण नौवहन स्वतंत्रता बहाल नहीं करता, तब तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा।
पहले भी दी थी चेतावनी
ईरान पहले ही चेतावनी दे चुका था कि यदि अमेरिका अपनी नाकाबंदी नहीं हटाता, तो हॉर्मुज को फिर से बंद कर दिया जाएगा। हालिया घटनाक्रम से साफ है कि दोनों देशों के बीच टकराव फिर तेज हो गया है।
ट्रंप की सख्त चेतावनी
इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है कि अगर समझौता नहीं हुआ तो सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक अंतिम समझौता नहीं होता, अमेरिकी नाकाबंदी जारी रहेगी।
परमाणु मुद्दे पर गतिरोध कायम
अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करे, जबकि ईरान ने साफ कर दिया है कि यूरेनियम संवर्धन उसके लिए “अटूट अधिकार” है। इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच गतिरोध बना हुआ है, जिससे क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ने की आशंका है।