PM Modi Sikkim Visit: सिक्किम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बताया कि प्रधानमंत्री 27 और 28 अप्रैल को सिक्किम के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान राजधानी गंगटोक में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लिबिंग हेलीपैड पर होगा आगमन
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री 27 अप्रैल को दोपहर करीब तीन बजे गंगटोक के पास लिबिंग हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वे लोक भवन तक रोडशो करेंगे। इस रोडशो को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई और अन्य तैयारियां भी तेजी से पूरी की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य की जनता से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में रोडशो मार्ग पर पहुंचकर प्रधानमंत्री का स्वागत करें। उन्होंने कहा कि यह सिक्किम जैसे छोटे राज्य के लिए गर्व और ऐतिहासिक अवसर है। प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को सिक्किम राज्य गठन की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर पालजोर स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान राज्य की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।
विकास और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार का मानना है कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से सिक्किम में विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी। साथ ही, पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। प्रशासन इस दौरे को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।