चंडीगढ़: शहर के कई स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और संबंधित स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
एहतियात के तौर पर स्कूलों को कराया गया खाली
अधिकारियों के अनुसार, एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली कराया गया और छात्रों व स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। पुलिस टीमों ने स्कूल भवनों, कक्षाओं, मैदानों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की। एक स्कूल में मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और हर कोने की जांच की जा रही है।
अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला
अधिकारी ने कहा कि फिलहाल तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में मामला शरारती तत्वों द्वारा भेजे गए फर्जी ईमेल का लग रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। साइबर टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। गौरतलब है कि हाल के हफ्तों में चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की धमकी भरी घटनाएं सामने आई थीं, जो बाद में झूठी साबित हुईं। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।