भाजपा स्थापना दिवस पर नवीन का आह्वान: 2047 तक विकसित भारत बनाने का लें संकल्प

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की कि वे देशवासियों को पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जोड़ें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान दें।

भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नवीन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे उन नेताओं और कार्यकर्ताओं के “समर्पण और बलिदान” से प्रेरणा लें, जिन्होंने पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने में योगदान दिया। उन्होंने कहा, “हम जश्न मना रहे हैं, लेकिन यह संकल्प लेने का अवसर भी है। आइए 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ें और पंचायत से लेकर संसद तक भगवा झंडा लहराने के सपने को साकार करें।”

भाजपा के सिद्धांत और इतिहास का स्मरण

नवीन ने पार्टी के पूर्व अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की पुरानी पीढ़ियों को नमन करते हुए कहा कि भाजपा का विकास दशकों से चले आ रहे सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि भाजपा की स्थापना 1980 में हुई थी, लेकिन इसके मार्गदर्शक सिद्धांत भारतीय जनसंघ से जुड़े हैं। नवीन ने कहा, “जनसंघ के दिनों से लेकर अब तक वरिष्ठ नेताओं ने जिन विचारों और राष्ट्रवाद के साथ काम किया है, वे आज भी हमें प्रेरित करते हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण का किया जिक्र

कार्यक्रम में नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का भी जिक्र किया और कहा कि इससे पार्टी के संघर्षों पर प्रतिबिंब और भविष्य की दिशा दोनों स्पष्ट हुई। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने हमें हमारे इतिहास और संघर्षों की याद दिलाए और साथ ही आगे का रास्ता भी दिखाया।”

नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि यह संकल्प का क्षण भी है। उन्होंने पार्टी के ‘राष्ट्र प्रथम’ सिद्धांत को दोहराया और सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *