कोझिकोड: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बेपोर विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल रोड शो किया, जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चुनाव प्रचार अभियान पर निकले भाजपा नेता का स्वागत करने के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े।
केरल में नौ अप्रैल को विधानसभा चुनाव होंगे। शाह शनिवार शाम कालीकट हवाई अड्डे पर पहुंचे थे, जहां से उन्होंने मथोट्टम बिजिथ जंक्शन से नाडुवट्टम तक रोड शो किया। रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी के झंडे लिए और भगवा रंग की पगड़ी पहने खड़े थे। लोग सुबह से ही शाह के रोड शो का इंतजार कर रहे थे
खुले वाहन में पहुंचे शाह
शाह पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 20 मिनट पर मथोट्टम बिजिथ जंक्शन पहुंचे और फूलों से सजी एक खुली गाड़ी में सवार होकर उन्होंने सड़क के दोनों ओर जमा भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। भीड़ में शामिल लोगों के हाथों में उनके कटआउट भी थे।
फूल बरसाकर किया अभिवादन
ढोल की थाप के साथ रोड शो आगे बढ़ा और इस दौरान गृह मंत्री ने सड़क किनारे खड़े लोगों पर फूल बरसाए। लोग भाजपा और उसके नेताओं के समर्थन में नारे लगा रहे थे। रोड शो के दौरान भाजपा उम्मीदवार अधिवक्ता के. पी. प्रकाश बाबू भी मौजूद थे। इस सीट पर उनका मुकाबला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के पी. ए. मोहम्मद रियास और यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार पी. वी. अनवर से है।
शाह ने अपने सोशल मीडिया मंचों पर रोड शो की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि केरल की जनता पारदर्शी शासन के लिए राजग के साथ खड़ी है।अपने कार्यक्रम के अनुसार, शाह एर्नाकुलम के कुन्नाथुनाड और तिरुवनंतपुरम के कट्टक्कड़ा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। शाम को वह राज्य की राजधानी में पार्टी के प्रवासी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे। गृह मंत्री सोमवार को हरिपद में रोड शो करने के बाद दिल्ली लौट जाएंगे।