तिरुवल्ला में बोले पीएम मोदी, कहा- केरल में बदला माहौल LDF-UDF की विदाई तय’

Kerala Assembly Elections 2026: तिरुवल्ला (केरल): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केरल के तिरुवल्ला विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया और कहा कि इस बार राज्य में राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदल गया है। पीएम मोदी ने दावा किया कि केरल की जनता ने एलडीएफ की विदाई का मन बना लिया है और 9 अप्रैल के मतदान के बाद भाजपा-एनडीए गठबंधन राज्य में सरकार बनाने जा रहा है।

‘केरल ऐतिहासिक बदलाव के लिए तैयार’

सभा में पीएम मोदी ने पहले श्री वल्लभम और तिरुवल्लुवर को प्रणाम किया और सबरीमाला व स्वामी अय्यप्पा को नमन किया। उन्होंने कहा, “एनडीए पर आपका विश्वास और केरल की महिलाओं का समर्थन पूरे राज्य में स्पष्ट है। मैं पहले भी यहां आ चुका हूं, लेकिन इस बार परिस्थितियां भिन्न हैं। केरल ऐतिहासिक बदलाव के लिए तैयार है और 4 मई को भाजपा-एनडीए सरकार बनाएगी।”

पीएम मोदी ने मेरा बूथ सबसे मजबूतअभियान का जिक्र करते हुए बताया कि केरल के 5,000 शक्ति केंद्रों में 1.25 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि जनता ने स्पष्ट रूप से एलडीएफ सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है।

‘एलडीएफ और यूडीएफ ने की उपेक्षा’

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में एलडीएफ और यूडीएफ सरकारों ने इस क्षेत्र की उपेक्षा की। उन्होंने बताया कि संपर्क मार्ग जर्जर हालत में हैं, नए पुल नहीं बने और मेडिकल कॉलेजों की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि केंद्र की उनकी सरकार के कार्यकाल में राज्य को पहले की तुलना में पांच गुना अधिक धनराशि दी गई।

महिलाओं और विकास पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार की नीतियों से सबसे अधिक लाभ महिलाओं को मिला है। उन्होंने शौचालय निर्माण, बैंक खाते, घर, मुद्रा ऋण और महिला स्वयं सहायता समूहों का जिक्र किया। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना का उल्लेख किया, जिसमें अब तक 3 करोड़ महिलाएं लाभान्वित हुई हैं और आगे और 3 करोड़ महिलाओं को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने बताया कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि संसद के आगामी सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा होगी और महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए प्रयास जारी रहेगा।

रोजगार और युवाओं की चिंता

प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल में युवाओं का राज्य छोड़कर रोजगार की तलाश में जाना बड़ी चुनौती है। उन्होंने राज्य में उद्योग, सेवा क्षेत्र, स्टार्टअप और कौशल विकास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक राजनीति सबसे बड़ी बाधा है और केरल तभी आगे बढ़ सकता है जब एलडीएफ और यूडीएफ दोनों को हराया जाए।

कांग्रेस पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके साथी दल खाड़ी देशों में भारतीयों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारे लिए वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। कांग्रेस केवल राजनीति और सत्ता की चिंता करती है और देश की जनता की परवाह नहीं करती।”

सबरीमाला और भ्रष्टाचार का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने सबरीमाला मंदिर में हुई लूटपाट के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें एलडीएफ शासन और कांग्रेस नेताओं का हाथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों की जांच में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बनने पर इन मामलों की गहन जांच होगी और दोषियों को सजा दी जाएगी।

नॉर्थईस्ट और अन्य राज्यों का दिया उदाहरण

पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में NDA सरकार के गठन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दशकों से लंबित परियोजनाओं को पूरा किया और सेवा व विकास को गति दी। इसी तरह केरल में भी भाजपा सरकार बनने पर सबरीमाला रेलवे परियोजना सहित अन्य विकास परियोजनाओं में बाधाएं दूर की जाएंगी, जिससे रोजगार और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *