दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता, स्पेशल सेल ने पकड़ा लश्कर का ख़ूँख़ार कमांडर

Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी दिल्ली के गाजीपुर क्षेत्र के पास (दिल्ली बॉर्डर) से की गई। लोन बांग्लादेश में छिपकर भारत में आतंकी गतिविधियां चला रहा था और हाल ही में भंडाफोड़ हुए मेट्रो पोस्टर केस का मुख्य हैंडलर था।

शब्बीर अहमद लोन उर्फ राजा उर्फ कश्मीरी, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के कंगन का निवासी है। वह लश्कर-ए-तैयबा का प्रशिक्षित आतंकी है, जिसका 2007 में दिल्ली पुलिस ने पहले भी AK-47 और ग्रेनेड्स समेत हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। बाद में जेल से छूटने के बाद वह बांग्लादेश भाग गया और वहां से भारत-विरोधी साजिशें रच रहा था।

ढाका से रच रहा था आतंकी साज़िश

जांच एजेंसियों के अनुसार, लोन बांग्लादेश के ढाका के पास अपने ठिकाने से लश्कर का मॉड्यूल चला रहा था। वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहा था। उसने भारत में कई राज्यों (दिल्ली, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु आदि) में युवाओं की भर्ती की और स्लीपर सेल विकसित किए। लोन का सीधा संपर्क लश्कर के शीर्ष नेताओं हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी से था। वह अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों और स्थानीय युवाओं को आर्थिक लालच और कट्टर विचारधारा से लुभाकर आतंकी गतिविधियों में शामिल कर रहा था।

दूसरे गिरफ्तार आतंकियों ने बताया लोन का पता

फरवरी 2026 में दिल्ली पुलिस ने लोन से जुड़े 8 आतंकियों (जिनमें ज्यादातर बांग्लादेशी थे) को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ में लोन के नाम का खुलासा हुआ। उसके बाद दो महीने की गुप्त chase के बाद स्पेशल सेल (NDR) की टीम ने उसे दबोच लिया। इस ऑपरेशन में केंद्रीय एजेंसियों का भी सहयोग रहा।

कोर्ट में 5 दिनों की रिमांड में भेजा

पटियाला हाउस कोर्ट ने लोन को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पूछताछ में फंडिंग चैनल, अन्य स्लीपर सेल और बड़े हमलों की साजिशों का पता लगाया जा रहा है। यह गिरफ्तारी सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता है। इससे भारत में लश्कर-ISI के क्रॉस-बॉर्डर मॉड्यूल को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा के सख्त निगरानी में चलाए गए इस ऑपरेशन ने कई संभावित आतंकी हमलों को रोक दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *