गुवाहाटी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को असम में 2,092 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य सेवा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के सभी वर्गों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। राज्य की चिकित्सा सुविधाओं को गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों के स्तर तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की सराहना की। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम में अपने 15 वर्षों के शासनकाल के दौरान राज्य के स्वास्थ्य सेवा बजट से हर साल 150 करोड़ रुपये ‘‘अपनी जेब में डाल लिए
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
शाह ने कहा कि दस साल पहले असम की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल थी क्योंकि कांग्रेस केवल अपने नेताओं के परिवारों की “आर्थिक सेहत” सुधारने में लगी हुई थी। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा का विरोध करने के प्रयास में देश को बदनाम करने के उनके कृत्यों का कोई भी भारतीय समर्थन नहीं करता।
उन्होंने हाल में नयी दिल्ली में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और संसद भवन की सीढ़ियों पर ‘चाय-पकौड़ा’ खाने को लेकर भी राहुल गांधी की आलोचना की। शाह ने कहा कि संसद लोकतंत्र की पवित्र जगह है और इसकी सीढ़ियों का इस्तेमाल विरोध प्रदर्शन के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
2,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का किया शुभारंभ
केंद्रीय मंत्री ने गुवाहाटी में 675 करोड़ रुपये की लागत से बने प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने ‘असम कैंसर केयर फाउंडेशन’ के तहत गोलाघाट और तिनसुकिया में बने कैंसर केंद्रों का भी ऑनलाइन उद्घाटन किया, जिनमें से प्रत्येक की लागत 135 करोड़ रुपये है।
शाह ने दीफू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (220 करोड़ रुपये), जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (310 करोड़ रुपये) और बारपेटा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (284 करोड़ रुपये) में सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों की आधारशिला भी ऑनलाइन रखी।
इसके साथ ही उन्होंने गुवाहाटी में 218 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य भवन और 115 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अभयपुरी जिला अस्पताल की भी आधारशिला रखी। शाह शनिवार शाम दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे थे। पूर्वोत्तर राज्य का चार महीनों में यह उनका चौथा दौरा है।