भारत ने तीसरी बार जीता T-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप, न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराया

T-20 World Cup 2026: भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए Men’s T20 World Cup 2026 का खिताब जीत लिया है। यह भारत की T20 विश्व कप में तीसरी जीत है। भारत ऐसी पहली टीम बन गई हैं, जिसने लगातार दो बार यह ट्रॉफी जीती, घरेलू मैदान पर खिताब हासिल किया और कुल तीन बार चैंपियन बने।

न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराया

फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 255/5 का रिकॉर्ड स्कोर बनाया, जो T20 विश्व कप फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली, जो फाइनल में किसी बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर है। अभिषेक शर्मा ने 18 गेंदों में अर्धशतक ठोका, जो टूर्नामेंट का सबसे तेज फिफ्टी रहा। ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे 8 बॉल में 26 रनों की पारी खेली। तिलक वर्मा ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।

19 ओवर ही खेल सकी न्यूज़ीलैंड की टीम

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत के गेंदबाजों ने कमाल दिखाया।जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लिए, अक्षर पटेल ने 3, जबकि अभिषेक शर्मा ने अंतिम विकेट लेकर मैच खत्म किया। न्यूजीलैंड कभी लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी, और भारत ने दबदबा बनाए रखा।

भारत ने 2007 में जीता था पहला टी-20 वर्ल्ड कप

यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक है। 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में पहली बार जीत के बाद 2024 में रोहित शर्मा ने दूसरी ट्रॉफी दिलाई, और अब सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में तीसरी। MS धोनी और रोहित शर्मा ने ट्रॉफी पेश की, जिसने पूरे स्टेडियम में जोश भर दिया। लाखों प्रशंसकों ने देशभर में जश्न मनाया, आतिशबाजी और मिठाइयों का दौर चला।

भारत ने कैसे तय किया सफ़र

टूर्नामेंट में भारत ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप स्टेज से लेकर सेमीफाइनल (इंग्लैंड पर 7 रनों से जीत) तक मजबूत टीम दिखी। यह जीत युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन का नतीजा है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी, बुमराह की घातक गेंदबाजी और बल्लेबाजों की आक्रामकता ने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

भारत अब T20 क्रिकेट में सर्वोच्च टीम बन चुका है। यह खिताब न केवल खेल का, बल्कि राष्ट्र की एकजुटता और जुनून का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *