Two-day Flower Festival: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के दो दिवसीय पुष्प महोत्सव का उद्घाटन किया। समारोह में एनडीएमसी अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। यह महोत्सव 4 मार्च तक जारी रहेगा। दोनों दिनों में बड़ी संख्या में लोग सेंट्रल पार्क पहुंचने की संभावना है। आयोजन का उद्देश्य शहरी बागवानी को बढ़ावा देना और पर्यावरण जागरूकता फैलाना है
पुष्प प्रदर्शनी की क्या है थीम
महोत्सव में मौसमी फूलों और विभिन्न थीम पर आधारित पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सेंट्रल पार्क को रंग-बिरंगे फूलों, विशेष रूप से ट्यूलिप से सजाया गया है। त्रिकोणीय और बेलनाकार संरचनाओं की सजावट, सुंदर परिदृश्य और विशेष सेल्फी प्वाइंट ने कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा लोग ट्यूलिप के फूलों के साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए कश्मीर जाते थे, लेकिन अब उन्हें वहां जाने की जरूरत नहीं है। मध्य दिल्ली में ही ट्यूलिप के फूल प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं।”
NDMC की हरित पहल की सराहना
मुख्यमंत्री रेखा ने कहा कि G20 और हाल में आयोजित एआई इंडिया इम्पैक्ट समिट जैसे बड़े आयोजनों के दौरान एनडीएमसी इलाके को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में परिषद ने सराहनीय काम किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अन्य नगर निकायों को भी एनडीएमसी से सीखना चाहिए और हरित क्षेत्र बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। एनडीएमसी देश में हरित क्षेत्र विकसित करने के मामले में आदर्श नगर परिषद बन गई है। हम चाहते हैं कि पूरी दिल्ली हरी-भरी और जीवंत बने,
पर्यावरण जागरूकता और प्रशिक्षण पर जोर
सीएम रेखा ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य एजेंसियों के बागवानी कर्मचारियों को एनडीएमसी के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा। दिल्ली सरकार शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए परिषद को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी। महोत्सव के आयोजन से कनॉट प्लेस होली के अवसर पर खिल उठा है और यह कार्यक्रम रंगों, प्रकृति और सृजनात्मकता का जीवंत उत्सव बन गया है।