पश्चिम एशिया संकट के बीच दिल्ली हवाईअड्डे पर 80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

INDIGO Airlines

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष और परिचालन संबंधी व्यवधानों के कारण मंगलवार सुबह दिल्ली हवाईअड्डे पर कुल 80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों के अनुसार इनमें 36 प्रस्थान उड़ानें और 44 आगमन उड़ानें शामिल हैं।

एयरलाइंस ने आंशिक रूप से फिर शुरू की सेवाएं

एमिरेट्स एयरलाइन सहित कुछ एयरलाइन ने पश्चिम एशिया के लिए आंशिक रूप से उड़ानों को फिर से शुरू किया है। उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम’ के अनुसार, दुबई जा रही एमिरेट्स की उड़ान संख्या EK-513 वायुक्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों के कारण राष्ट्रीय राजधानी लौट आई, जबकि दुबई से आने वाली उड़ान EK-512 मंगलवार सुबह दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरी।

डायल ने जारी किया बयान

दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड (डायल) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा, “पश्चिम एशिया में जारी राजनीतिक स्थिति के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या समय-सारिणी में बदलाव किया जा रहा है।” दिल्ली हवाईअड्डे पर प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों का संचालन किया जाता है। पिछले तीन दिनों में, पश्चिम एशिया संकट के चलते विभिन्न भारतीय एयरलाइंस ने कुल 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *