Haryana Budget 2026-27: चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सड़कों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अगले तीन वर्षों में ‘बॉडी कैमरा’ से लैस किया जाएगा। इसके तहत अगले वर्ष 5,000 कैमरे खरीदने का प्रस्ताव रखा गया है, जिनके माध्यम से ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की गतिविधियां रिकॉर्ड की जाएंगी।
महिला और साइबर थानों पर जोर
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर और पेहोवा में सात महिला पुलिस थाने स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा सोनीपत, गोहाना और बहादुरगढ़ में तीन नए साइबर अपराध पुलिस थाने खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि बढ़ते डिजिटल लेन-देन के साथ साइबर अपराधों में भी वृद्धि हुई है, इसलिए विशेष ढांचे की जरूरत है।
आतंकवाद-रोधी दस्ता का गठन
सीएम सैनी ने घोषणा की कि आतंकवादी गतिविधियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस महानिरीक्षक रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में एक आतंकवाद-रोधी दस्ता (एटीएस) गठित किया जाएगा। गुरुग्राम और पंचकूला में एक-एक एटीएस थाना स्थापित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि एटीएस में महिला कमांडो को शामिल करने का प्रावधान किया जाएगा।
जेल अवसंरचना का विस्तार
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि फतेहाबाद, चरखी दादरी और पंचकूला में जिला जेलों का निर्माण किया जाएगा, जबकि रोहतक में एक उच्च सुरक्षा वाली जेल स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन कदमों से राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।बजट पेश करने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट समाज के सभी वर्गों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। उन्होंने महिलाओं, युवाओं, खिलाड़ियों, किसानों और उद्यमियों के लिए विशेष प्रावधानों का उल्लेख किया।