PM मोदी से मिले मणिपुर के CM वाई खेमचंद सिंह, शांति बहाली के प्रयासों की दी जानकारी

CM Y. Khemchand Singh met PM Modi: मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य में शांति और सद्भाव बहाल करने के लिए उनकी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन और लोसी दिखो भी उपस्थित रहे। चार फरवरी को नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की प्रधानमंत्री से यह पहली मुलाकात थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा की।

शांति और महिला सशक्तीकरण पर जोर

मणिपुर सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य में शांति और सामंजस्य स्थापित करने के लिए नई सरकार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री को मणिपुर दौरे का निमंत्रण भी दिया।

पीएमएवाई-जी के तहत 5,000 घरों को मंजूरी

इससे पहले मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) के लिए 5,000 नए घरों के निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिससे उनके सम्मानजनक और सुरक्षित पुनर्वास का मार्ग प्रशस्त होगा।

अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात

मुख्यमंत्री ने सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर राज्य के विकास और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। राज्य सरकार ने कहा कि मणिपुर में पुनर्वास, शांति स्थापना और समावेशी विकास की दिशा में यह दौर की बैठकें महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *