दिल्ली सरकार का एक साल पूरा, सीएम रेखा गुप्ता ने रिपोर्ट कार्ड पेश कर गिनाई उपलब्धियां

CM Rekha Gupta presented report card: (नई दिल्ली): दिल्ली में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में सभी कैबिनेट मंत्रियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार का एक साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान स्वास्थ्य, यमुना सफाई, निवेश, शिक्षा और आधारभूत ढांचे से जुड़ी उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए राजधानी में हुए बदलावों का एक वीडियो भी प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 फरवरी 2025 को उनकी सरकार ने कार्यभार संभाला था और उसी के उपलक्ष्य में यह रिपोर्ट कार्ड पेश किया जा रहा है। उन्होंने इसे सरकार के परिश्रम और संकल्प का प्रतीक बताते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने ‘बहानों की राजनीति’ से आगे बढ़कर विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पहले शोर अधिक होता था, अब काम अधिक हो रहा है, और उनकी सरकार ‘मैं’ नहीं बल्कि ‘हम’ की राजनीति कर रही है।

आयुष्मान योजना और अटल कैंटीन

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का निर्णय लिया गया था। अब तक 30 हजार से अधिक लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन की शुरुआत की गई है। वर्तमान में 70 अटल कैंटीनों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 70 हजार लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन मिल रहा है।

700 करोड़ से बदलेगा झुग्गी क्षेत्रों का कायाकल्प

झुग्गी बस्तियों के विकास के लिए सरकार ने 700 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झुग्गीवासियों को पक्के मकान देने का वादा पूरा किया जा रहा है और पुराने फ्लैटों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। प्रथम चरण में 13 हजार फ्लैट झुग्गी में रहने वाले लोगों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

श्रमिकों के कल्याण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक न्यूनतम वेतन दिया जा रहा है। मजदूर महिलाओं के बच्चों की देखभाल के लिए 500 पालना केंद्र स्थापित किए गए हैं। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति बस्तियों में विकास कार्यों के लिए 85 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

सीवर नेटवर्क और चंद्रावल वाटर प्लांट

मुख्यमंत्री ने बताया दिल्ली में 180 किलोमीटर नई सीवर लाइन बिछाई गई है, जबकि 144 नई सीवर लाइन परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि 105 एमजीडी क्षमता वाले चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण इस वर्ष पूरा कर लिया जाएगा, जिससे राजधानी की 10 विधानसभा क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

अब ‘दिशा’ के बाद ‘दशा’ बदलने का लक्ष्य

सरकार के एक वर्ष पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मरघट वाले हनुमान मंदिरभी पहुंचीं और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद के कारण सरकार ने एक वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया है।

अब दशा बदलने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक वर्ष दिल्ली की दिशा बदलने का समय था, जबकि आने वाले पांच वर्षों में दिल्ली की दशा बदलने का लक्ष्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार विकास, सामाजिक कल्याण और आधारभूत ढांचे के विस्तार के क्षेत्र में इसी गति से कार्य करती रहेगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *