मलेशिया में बोले प्रधानमंत्री मोदी, कहा- आतंकवाद पर भारत का संदेश स्पष्ट कोई दोहरा मापदंड नहीं

PM Modi Malaysia visit: (कुआलालंपुर): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े और स्पष्ट रुख को दोहराते हुए कहा कि इस मुद्दे पर भारत का संदेश बिल्कुल साफ है कोई दोहरा मापदंड नहीं और किसी भी तरह का समझौता नहीं। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता के बाद उन्होंने यह बात कही।

रक्षा, सुरक्षा और व्यापार में नई पहल

पीएम मोदी और प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच बातचीत के बाद भारत और मलेशिया ने रक्षा और सुरक्षा, सेमीकंडक्टर तथा व्यापार के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए कई पहलों की शुरुआत की। मोदी ने कहा कि दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और आपसी सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर सहमत हुए हैं।

कुआलालंपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने स्वयं उनका स्वागत किया, जिसे दोनों देशों के संबंधों में नई गति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। वार्ता से पहले रविवार सुबह मलेशिया की प्रशासनिक राजधानी पुतराजाया में प्रधानमंत्री मोदी को औपचारिक स्वागत दिया गया।

भारत–मलेशिया के विशेष संबंध

वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत और मलेशिया के बीच एक विशेष संबंध है। हम समुद्री पड़ोसी हैं और सदियों से दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे और स्नेहपूर्ण संबंध रहे हैं।” उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के लोगों की आबादी के मामले में मलेशिया दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है। साझा सभ्यताएं, सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्य दोनों देशों को एक सूत्र में बांधते हैं।

आतंकवाद और समुद्री सुरक्षा पर सहयोग

प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों पक्ष आतंकवाद-रोधी उपायों, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा में सहयोग को और मजबूत करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत और मलेशिया रक्षा सहयोग को और अधिक व्यापक और प्रभावी बनाएंगे।पीएम मोदी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल प्रौद्योगिकियों, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि भविष्य की चुनौतियों का मिलकर सामना किया जा सके।

हिंद-प्रशांत पर साझा दृष्टिकोण

पीएम मोदी ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र को वैश्विक विकास का इंजन बताते हुए कहा कि भारत, आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) के साथ मिलकर पूरे क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि भारत और मलेशिया व्यापार, निवेश, संपर्क और रक्षा के क्षेत्रों में सहयोग का लगातार विस्तार कर रहे हैं। उन्होंने वैश्विक व्यापार और आर्थिक मोर्चे पर भारत की शानदार वृद्धि की भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *