CM नायब सिंह सैनी ने जेल अकादमी के दीक्षांत परेड में की शिरकत, बोले- जेल दंड का नहीं सुधार का है स्थान

करनाल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को जेल अकादमी, करनाल में आयोजित रिक्रूट मूल प्रशिक्षण कोर्स (Batch No. 01) की दीक्षांत परेड में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नए प्रशिक्षित कर्मियों को संबोधित करते हुए जेल सुधार और आधुनिक कारागार प्रबंधन पर जोर दिया।

ऐतिहासिक अवसर और गर्व का पल

सीएम सैनी ने कहा, “इस दीक्षांत परेड समारोह के ऐतिहासिक क्षण का हम सब साक्षी बन रहे हैं। इस नवनिर्मित जेल प्रशिक्षण अकादमी में पहले दीक्षांत परेड का हिस्सा बनकर हो रही है गर्व की अनुभूति।” उन्होंने नए 116 सहायक अधीक्षक और वार्डन को हार्दिक बधाई दी।

सीएम नायब सिंह सैनी ने जेलों को सुधार, पुनर्वास और मानवीय परिवर्तन की प्रयोगशाला बताते हुए कहा, “यह प्रशिक्षण आपको केवल कर्मचारी नहीं बल्कि संवेदनशील, विवेकशील और उत्तरदायी अधिकारी बनने की दिशा में अग्रसर करेगा।” उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में इस ट्रेनिंग अकादमी की स्थापना उनके द्वारा की गई थी।

बंदी कल्याण और आधुनिक सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जेलों में रेडियो स्टेशन चलाए जा रहे हैं और लाइब्रेरी बनाई गई है। उन्होंने नव प्रशिक्षित कर्मियों को अनुशासन, सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता को सर्वोपरि रखने की सलाह दी।

वार्डन भत्तों में बड़ा बढ़ोतरी का किया ऐलान

सीएम ने जेल वार्डन और हेड वार्डन के भत्तों को पुलिस कांस्टेबल के समान करने की घोषणा की। राशन भत्ता 600 रुपए से बढ़ाकर 1,500 रुपए प्रतिमाह, कन्वेंस अलाउंस 50 रुपए से बढ़ाकर 720 रुपए प्रतिमाह और वर्दी भत्ता 7,500 रुपए प्रतिवर्ष करने की घोषणा की। सीएम सैनी ने कहा कि हमारी सरकार जेल सुधारों, बंदी कल्याण और आधुनिक कारागार प्रबंधन को निरंतर सशक्त बना रही है। नए प्रशिक्षित अधिकारी इन मूल्यों को अपने कार्यकाल में अपनाएं और समाज की भलाई में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *