Delhi weather update: नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, तड़के पालम और सफदरजंग क्षेत्रों में दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई। जिसकी वजह से हादसों का खतरा बढ़ गया
वायु गुणवत्ता की स्थिति
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 188 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। 21 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ जबकि 16 केंद्रों पर ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। तीन केंद्रों का डेटा तत्काल उपलब्ध नहीं था। लोधी रोड क्षेत्र में एक्यूआई 116 दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा।
सीपीसीबी के अनुसार, 0–50 एक्यूआई ‘अच्छा’, 51–100 ‘संतोषजनक’, 101–200 ‘मध्यम’, 201–300 ‘खराब’, 301–400 ‘बहुत खराब’ और 401–500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
आगे भी खराब रह सकती है हवा
वायु गुणवत्ता पूर्व-चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के मुताबिक, दिल्ली की वायु गुणवत्ता अगले दो दिनों तक ‘खराब’ और आने वाले छह दिनों तक भी इसी श्रेणी में बने रहने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस और पालम में 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड और रिज समेत अन्य इलाकों में न्यूनतम तापमान 11 से 11.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।