दिल्ली में प्रदूषण का स्तर आज भी खराब, चांदनी चौक में AQI 306; GRAP-1 लागू

Delhi AQI Today: दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने से हवा की गुणवत्ता बिगड़ती जा रही है। गुरुवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 के पार दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक में यह आंकड़ा 306 तक पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, चांदनी चौक की हवा बहुत खराब श्रेणी में रही, जबकि दिल्ली के ज्यादातर निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को भी राजधानी में पिछले 100 दिनों के दौरान सबसे खराब हवा दर्ज की गई थी।

प्रदूषण बढ़ने पर GRAP का पहला चरण लागू

वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू कर दिया गया है। इसके तहत प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के उपाय सख्त किए जाएंगे। खुले में कचरा और जैविक सामग्री जलाने पर रोक लगाने के साथ वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की जांच भी की जाएगी।

निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का जोर प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर नियंत्रण करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर है।

चांदनी चौक में सबसे ज्यादा प्रदूषण

गुरुवार सुबह 8:05 बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार, चांदनी चौक में AQI 306 रहा। अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर 200 से ऊपर दर्ज किया गया।इलाका AQI श्रेणी
चांदनी चौक 306 बहुत खराब
बवाना 274 खराब
अलीपुर 272 खराब
वजीरपुर 253 खराब
नजफगढ़ 241 खराब
जेएनयू 238 खराब
आनंद विहार 236 खराब
आईजीआई हवाई अड्डा 236 खराब
बुराड़ी क्रॉसिंग 226 खराब
आया नगर 214 खराब
वसुंधरा एन्क्लेव 206 खराब

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से की अपील

दिल्ली में GRAP-1 लागू होने के बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) विजयंता गोयल आर्य ने कहा कि प्रदूषण और यातायात की समस्या को देखते हुए जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि सड़कों पर भीड़ कम रखी जा सके।

उन्होंने वाहन चालकों से अपने वाहनों का वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र रखने की अपील की। समयसीमा पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने और इसे बढ़ाने की बात भी कही। इसके अलावा, ऐसे व्यावसायिक वाहनों को निर्धारित सीमाओं से दूसरे मार्गों पर भेजा जाएगा, जिन्हें संबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करना है। लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।

100 दिनों में सबसे खराब रही बुधवार की हवा

बुधवार को दिल्ली का औसत AQI 245 दर्ज किया गया था। यह पिछले 100 दिनों में सबसे अधिक था और इस मौसम में पहली बार राजधानी की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंची थी। इससे पहले 13 जुलाई को दिल्ली का AQI 246 दर्ज किया गया था। दशहरे के एक दिन बाद हवा की गुणवत्ता में आई इस गिरावट के बाद अब गुरुवार को भी कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *