India-EU trade Deal(नई दिल्ली): भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर चल रही वार्ता सोमवार को सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि भारतीय दृष्टिकोण से यह समझौता संतुलित और भविष्योन्मुखी है, जो यूरोपीय संघ के साथ भारत के आर्थिक एकीकरण को और मजबूत करेगा।
वाणिज्य सचिव ने बताया कि इस समझौते से दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, “वार्ता सफलतापूर्वक पूरी हो गई है और सौदे को अंतिम रूप दे दिया गया है।”
कानूनी जांच की प्रक्रिया जारी
अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में समझौते के मसौदे की कानूनी जांच (लीगल स्क्रूटनी) की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि सभी औपचारिक प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि समझौते पर हस्ताक्षर किए जा सकें।
इस साल हस्ताक्षर, अगले साल लागू होने की उम्मीद
उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत–ईयू मुक्त व्यापार समझौते पर इसी वर्ष हस्ताक्षर हो सकते हैं और यह समझौता अगले वर्ष की शुरुआत में प्रभावी हो सकता है। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, यह समझौता भारत और यूरोपीय संघ के बीच वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार को बढ़ावा देगा, निवेश के अवसरों को मजबूत करेगा और दोनों अर्थव्यवस्थाओं के लिए दीर्घकालिक लाभकारी साबित होगा।