Republic Day 2026 Haryana: (चंडीगढ़): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 77वें गणतंत्र दिवस पर गुरुग्राम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और हर भारतीय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। इस अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और संविधान शिल्पी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हमारा राष्ट्र विविधता में एकता का सशक्त प्रतीक है।
विकसित भारत के संकल्प में हरियाणा की भागीदारी
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि देश, माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ कदम से कदम मिलाकर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। ‘मेक इन इंडिया’ और स्वदेशी अभियानों के कारण भारत आयातक से निर्यातक राष्ट्र की ओर अग्रसर हुआ है, जिसमें हरियाणा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा 3 लाख 53 हजार रुपये प्रति व्यक्ति आय के साथ देश के बड़े राज्यों में पहले स्थान पर है। गुरुग्राम में विश्व की फॉर्च्यून 500 कंपनियों के 250 से अधिक कार्यालय स्थित हैं। खेलों में भी हरियाणा ने ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
सुशासन और पारदर्शी व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण का यह उनका दूसरा अवसर है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान जारी संकल्प पत्र के 217 संकल्पों में से 54 को मात्र एक वर्ष में पूरा कर लिया गया है। जनता की सुविधा के लिए हांसी और दादरी को नए जिले के रूप में विकसित किया गया। बिना खर्ची-बिना पर्ची नौकरी नीति, ऑनलाइन रजिस्ट्री, पारदर्शी ट्रांसफर पॉलिसी, पढ़ी-लिखी पंचायतें और अंत्योदय अभियान की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है।
रोजगार, किसान और सामाजिक कल्याण
सीएम सैनी ने कहा कि पिछले एक वर्ष में 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं, जबकि 11 वर्षों में कुल 1 लाख 80 हजार नौकरियां प्रदान की गई हैं। 1 लाख 14 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। किसानों के खातों में 12 लाख किसानों को फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये सीधे डाले गए हैं। पिछले 11 वर्षों में फसल खराब होने पर 15 हजार 448 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 56 हजार मकान दिए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3200 रुपये मासिक की गई है, जो देश में सर्वाधिक है।
महिला सशक्तिकरण,निवेश और आधारभूत ढांचा
‘मुख्यमंत्री सैनी ने कहा लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत महिलाओं को 2100 रुपये की सहायता दी जा रही है और 2 लाख 34 हजार महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है। लड़कियों को पोस्ट ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। प्रदेश में 150 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं और निवेशकों को सभी स्वीकृतियां 12 दिनों में देने की व्यवस्था की गई है। गुरुग्राम में 1000 एकड़ में ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट, हिसार में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, नारनौल में लॉजिस्टिक्स हब और सोहना में इलेक्ट्रॉनिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अंत में गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हरियाणा को हर दृष्टि से देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।