प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन, नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई

(तिरुवनंतपुरम): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को केरल में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया और नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति लोगों में एक नई जागरूकता पैदा हुई है।

रेल कनेक्टिविटी और नई ट्रेन सेवाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और एक त्रिशूर-गुरुवायूर यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत होगा। मोदी ने कहा कि यह कदम तिरुवनंतपुरम को देश के प्रमुख केंद्र में बदलने और पर्यटन व यात्रा सुगमता बढ़ाने में मदद करेगा।

नवाचार, स्वास्थ्य और क्रेडिट योजनाओं का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री ने सीएसआईआर-एनआईआईएसटी नवोन्मेष, प्रौद्योगिकी और उद्यम केंद्र की आधारशिला रखी और ‘पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड’ की शुरुआत की। इसके तहत केरल के लाभार्थियों को ब्याज मुक्त परिक्रामी ऋण और क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीबों, महिलाओं और छोटे व्यवसायियों के लिए जीवन और आजीविका को बेहतर बनाने में मदद करेगी।

प्रधानमंत्री ने श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेस एंड टेक्नोलॉजी में रेडियो सर्जरी केंद्र की आधारशिला भी रखी और नए पूजप्पुरा मुख्य डाकखाने का उद्घाटन किया। मोदी ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं केरल को विज्ञान, नवाचार और स्वास्थ्य क्षेत्र में आगे बढ़ाएंगी।

शहरी और सामाजिक विकास पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे में पर्याप्त निवेश किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, आयुष्मान भारत योजना और मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के जीवन में सुधार ला रही हैं।

पीएम मोदी ने कहा, “विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए विकसित केरल आवश्यक है।” उन्होंने राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार की पूर्ण सहयोग देने की भी प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *