चुनावी फायदे के लिए ममता बनर्जी घुसपैठ को दे रहीं पनाह: अमित शाह

(कोलकाता): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार चुनावी लाभ के लिए बांग्लादेशी घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है, जिससे पिछले कुछ वर्षों में राज्य की जनसांख्यिकी “खतरनाक रूप से बदल गई” है।

कोलकाता में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग घुसपैठ की समस्या को लेकर गंभीर हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2026 के विधानसभा चुनावों में दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में आने के बाद इसे समाप्त करेगी।

घुसपैठियों को बाहर निकालना BJP का मुख्य एजेंडा

शाह ने कहा कि विधानसभा चुनाव अप्रैल 2026 में होंगे और भाजपा का मुख्य एजेंडा “देश से घुसपैठियों को बाहर निकालना” होगा। उन्होंने कहा, “हम न केवल घुसपैठियों की पहचान करेंगे, बल्कि उन्हें बाहर भी निकालेंगे। 15 अप्रैल 2026 के बाद बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी, क्योंकि जनता ने अपना मन बना लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने घोषणा की कि बंगाल में घुसपैठ को रोकने के लिए एक “मजबूत राष्ट्रीय ग्रिड” स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “ऐसी प्रणाली बनाई जाएगी कि इंसान तो छोड़िए, परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा।”

शाह ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल सरकार सीमा पर बाड़ लगाने के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं करवा रही है, जिसके कारण भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा बाड़ का काम पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी घुसपैठ रोकने में विफल रहने के लिए बीएसएफ को दोषी ठहराती हैं, जबकि केवल बंगाल सरकार ही जमीन उपलब्ध नहीं कराती।”

अन्य राज्यों से तुलना

उन्होंने सवाल किया कि भाजपा शासित असम, त्रिपुरा, राजस्थान, गुजरात, पंजाब और जम्मू-कश्मीर की तुलना में बंगाल में घुसपैठ की समस्या क्यों अधिक गंभीर है। शाह ने कहा कि ऐसा सिर्फ बंगाल में इसलिए होता है क्योंकि यहां मुख्यमंत्री की निगरानी में घुसपैठ होती है, जिससे राज्य की जनसांख्यिकी में धीरे-धीरे बदलाव हो रहा है और तृणमूल कांग्रेस का वोट बैंक मजबूत हो रहा है।

मतुआ समुदाय को दिया आश्वासन

शाह ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मतुआ समुदाय को आश्वस्त किया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “धार्मिक उत्पीड़न का शिकार हुए सभी शरणार्थियों को भारत में शरण दी जाएगी। ममता बनर्जी मतुआ समुदाय को नुकसान नहीं पहुंचा सकतीं।”

महिलाओं की सुरक्षा पर किया सवाल

केंद्रीय मंत्री गृहमंत्री ने कहा कि बंगाल महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रह गया है। उन्होंने आरजी कर मेडिकल कॉलेज, संदेशखालि और दक्षिण कोलकाता लॉ कॉलेज की घटनाओं का हवाला देते हुए तृणमूल सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया।

शाह ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेता सार्वजनिक धन की हेराफेरी के आरोप में जेल जा चुके हैं और नकदी इतनी बरामद हुई कि गिनने की मशीनें तक खराब हो गईं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था में गिरावट आई है और 7,000 से अधिक उद्योग राज्य छोड़कर जा चुके हैं।

कानून-व्यवस्था पर बोला हमला

गृहमंत्री शाह ने कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था का हाल भी खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक 300 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है और 3,000 से अधिक कार्यकर्ता अपने घरों से विस्थापित हैं। उन पर दबाव है कि वे तभी घर जाएं जब तृणमूल का झंडा लेकर चलें।

शाह ने कहा कि बंगाल की जनता ने कांग्रेस, वामपंथी और तृणमूल को सत्ता में अवसर दिया है। अब भाजपा को मौका देने का समय है। उन्होंने कहा, “बंगाल की जनता भय, भ्रष्टाचार, कुशासन और घुसपैठ के माहौल को बदलकर विकास और गरीबों के उत्थान का संकल्प ले चुकी है, जो केवल एक मजबूत भाजपा सरकार से संभव है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *