मन की बात में बोले पीएम मोदी, कहा- 2025 में हर क्षेत्र में दिखा भारत का प्रभाव उपलब्धियों का गौरवपूर्ण वर्ष

PM Modi on Mann Ki Baat: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि वर्ष 2025 भारत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धियों से भरा रहा और राष्ट्रीय सुरक्षा, खेल, विज्ञान तथा वैश्विक मंचों पर देश का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला। अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्ष भारत ने कई क्षेत्रों में ऐसी उपलब्धियां हासिल कीं, जिन्होंने देश का आत्मविश्वास और वैश्विक प्रतिष्ठा दोनों को मजबूत किया।

राष्ट्रीय सुरक्षा में निर्णायक कार्रवाई

प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकवादी ढांचों और सुरक्षा ठिकानों को नष्ट किया। उन्होंने कहा कि यह भारत की सशक्त रक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ उसकी स्पष्ट रणनीति को दर्शाता है।

खेलों में ऐतिहासिक उपलब्धियां

पीएम मोदी ने 2025 को खेलों के लिहाज से यादगार वर्ष बताते हुए कहा कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती, जबकि महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम की जीत ने भी नया इतिहास रचा। इसके अलावा, एशिया कप टी20 में शानदार जीत और पैरालंपिक खिलाड़ियों द्वारा विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतना देश के लिए गर्व की बात रही।

विज्ञान और अंतरिक्ष में बड़ी छलांग

प्रधानमंत्री ने कहा कि विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी भारत ने महत्वपूर्ण प्रगति की। उन्होंने बताया कि शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पहुंचने वाले पहले भारतीय बने, जो देश के वैज्ञानिक सामर्थ्य का प्रतीक है।

वैश्विक मंच पर बढ़ा भारत का प्रभाव

पीएम मोदी ने कहा कि चाहे वैश्विक मंच हो या नवाचार का क्षेत्र, 2025 में भारत की मौजूदगी और प्रभाव हर जगह महसूस किया गया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां नए भारत के आत्मविश्वास और सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *