Security tightened in Jharkhand: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी झारखंड दौरे को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई स्थानों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
रांची से जमशेदपुर जाएंगी राष्ट्रपति
अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू सोमवार को रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी, जहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए जमशेदपुर रवाना होंगी। पूर्वी सिंहभूम जिले के औद्योगिक शहर जमशेदपुर में वह संताली भाषा की ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में हिस्सा लेंगी।
इसके अलावा राष्ट्रपति राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगी।राष्ट्रपति 29 दिसंबर को रांची लौटेंगी और लोक भवन में रात्रि विश्राम करेंगी। झारखंड दौरे के अंतिम दिन, 30 दिसंबर को वह गुमला जाएंगी, जहां एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी।
नो-फ्लाई जोन घोषित
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से लोक भवन तक 200 मीटर के दायरे को ‘नो-फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में ड्रोन, पैराग्लाइडर और गर्म हवा के गुब्बारों के उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। नो-फ्लाई जोन में हिनू चौक, बिरसा चौक और अरगोड़ा चौक शामिल हैं। यह प्रतिबंध 28 दिसंबर सुबह छह बजे से 30 दिसंबर रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।
2,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात
रांची के पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए शहर में कम से कम 2,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि मार्गों को सुरक्षित किया जा रहा है, ऊंची इमारतों पर जवान तैनात होंगे और निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।
जमशेदपुर और गुमला में तैयारियों की समीक्षा
जमशेदपुर में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने अधिकारियों को अचूक सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, कार्यक्रम स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़कों की मरम्मत, रंग-रोगन और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी तरह, गुमला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमां ने भी 30 दिसंबर के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
रांची में यातायात प्रतिबंध
रांची यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर विभिन्न तिथियों और समयावधियों में बड़े और छोटे मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।
उन्होंने बताया कि रविवार शाम चार बजे से रात साढ़े आठ बजे तक, सोमवार सुबह सात बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक, सोमवार शाम चार बजे से रात साढ़े आठ बजे तक और मंगलवार सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, हिनू चौक से लोक भवन तक के प्रमुख मार्गों पर सोमवार और मंगलवार को निर्धारित समय पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से वाहनों का संचालन किया जाएगा।