Atal Bihari Vajpayee101st Birth Anniversary: (नई दिल्ली) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका व्यक्तित्व, कार्य और नेतृत्व देश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर पथ-प्रदर्शक बना रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “देशवासियों के हृदय में बसे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित कर दिया।”
भारतीय राजनीति के लिए आदर्श मानक
प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक प्रखर वक्ता होने के साथ-साथ ओजस्वी कवि भी थे और वे सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने कहा कि वाजपेयी का व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व देश के चहुंमुखी विकास के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी की जयंती उनके जीवन से प्रेरणा लेने का विशेष अवसर है। उनका आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श मानक है। प्रधानमंत्री ने कहा, “अटल जी ने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि श्रेष्ठता पद से नहीं, बल्कि आचरण से स्थापित होती है और वही समाज को दिशा देती है।”
बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी 1996 से 2004 के बीच तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था और 16 अगस्त 2018 को नई दिल्ली में उनका निधन हुआ। उनकी जयंती को सरकार ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाती है।