भारत-न्यूजीलैंड के बीच ऐतिहासिक FTA, व्यापार और निवेश को मिलेगी नई रफ्तार

PM Modi

India New Zealand trade Deal: (नई दिल्ली,)भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को गहराई देगा, बाजार तक पहुंच को व्यापक बनाएगा और निवेश प्रवाह को बढ़ावा देगा। सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने फोन पर बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच एक “ऐतिहासिक” मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत के सफल समापन की घोषणा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी भारत न्यूजीलैंड एफटीए के सफल समापन की संयुक्त घोषणा की।

व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा

विदेश मंत्रालय के अनुसार, महज नौ महीने के रिकॉर्ड समय में एफटीए का पूरा होना दोनों देशों की साझा राजनीतिक इच्छाशक्ति और संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बयान में कहा गया कि यह समझौता द्विपक्षीय आर्थिक जुड़ाव को गहरा करेगा, बाजार पहुंच बढ़ाएगा, निवेश प्रवाह को प्रोत्साहित करेगा और दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को मजबूत करेगा।

युवाओं, किसानों और उद्यमों के लिए नए अवसर

एफटीए से नवोन्मेषकों, उद्यमियों, किसानों, लघु एवं मध्यम उद्यमों, छात्रों और युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर मिलेंगे।दोनों नेताओं ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने और अगले 15 वर्षों में न्यूजीलैंड द्वारा भारत में 20 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश को लेकर विश्वास व्यक्त किया। नेताओं ने खेल, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति का स्वागत किया और भारत न्यूजीलैंड साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *