(कुरुक्षेत्र): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव बदरपुर का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनकर कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गांव में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण उनसे मिलने पहुंचे।
जनसमस्याओं का मौके पर समाधान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बदरपुर सहित पूरे लाडवा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जाएगी और किसी भी गांव को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सभी ने एकजुट होकर मुझे आशीर्वाद दिया, इसके लिए मैं आपका हृदय से धन्यवाद करता हूं। यह आशीर्वाद ही मुझे जनसेवा के लिए और अधिक प्रेरित करता है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
कल्याणकारी योजनाओं के लिए कैंप
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए उपायुक्त और संबंधित सरपंच गांवों में नियमित रूप से कैंप लगाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और उनकी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।
विकास कार्यों के लिए किया ऐलान
विकास कार्यों की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव बदरपुर में पेयजल सुविधा को मजबूत करने के लिए पाइपलाइन बिछाने हेतु 43 लाख 31 हजार रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा, गांव के अन्य विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये देने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाना सरकार का लक्ष्य है और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।