JP Nadda Met Afghanistan Health Minister: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री मौलवी नूर जलाल जलाली से मुलाकात की। इस दौरान भारत ने अफगानिस्तान के स्वास्थ्य क्षेत्र और मानवीय जरूरतों को समर्थन देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को हुई इस बैठक में दोनों पक्षों ने जारी स्वास्थ्य सहयोग की समीक्षा की। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे, चिकित्सा आपूर्ति और क्षमता निर्माण में सहयोग को और मजबूत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की गई
प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण पर जोर
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमेशा इस बात पर जोर देते रहे हैं कि अफगानिस्तान के साथ भारत की भागीदारी कल्याण, क्षमता निर्माण और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच पर केंद्रित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान को दी जा रही भारत की सहायता मानवीय पहलुओं और दोनों देशों के लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर आधारित है।
स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाएं
मंत्रालय के बयान के अनुसार भारत ने अफगानिस्तान में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दी है और उन्हें लागू किया है। इनमें पक्तिया, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में पांच प्रसूति एवं स्वास्थ्य क्लीनिकों का निर्माण, काबुल में 30 बिस्तरों वाला अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, निदान केंद्र और थैलेसीमिया केंद्र जैसी सुविधाओं का निर्माण या उन्नयन शामिल है।
दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति
मंत्रालय ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र को और सहायता देने के लिए अतिरिक्त प्रस्तावों पर सक्रिय रूप से विचार किया जा रहा है। पिछले चार वर्षों में भारत ने अफगानिस्तान को 327 टन दवाएं और टीके भेजे हैं। जेपी नड्डा ने कहा कि अफगान सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुरोध पर कैंसर की दवाएं और एक सीटी स्कैन मशीन इस महीने के अंत तक सौंप दी जाएंगी।