राष्ट्रपति मुर्मू ने मणिपुर में शांति और सुलह बनाए रखने का किया आह्वान, मरम जनजाति को मिला विशेष महत्व

(इंफाल): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को मणिपुर के सभी समुदायों से राज्य में शांति, समझ और सुलह के प्रयास जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मणिपुर के लोगों की भलाई और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

राष्ट्रपति ने कहा कि सेनापति और कांगपोकपी जिलों में पाई जाने वाली मरम जनजाति को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के रूप में मान्यता प्राप्त है। उन्होंने कहा मरम समुदाय की अनूठी सांस्कृतिक पहचान भारत की जनजातीय विविधता में महत्त्वपूर्ण योगदान देती है और इसके संरक्षण के लिए सतत प्रयास जरूरी हैं।”

सेनापति जिले में आदिवासी समुदायों के साथ संवाद

सेनापति जिले में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने यहां की समृद्ध आदिवासी विरासत की प्रशंसा की। उन्होंने कहा आज राष्ट्र नुपी लाल स्मृति दिवस मना रहा है यह महिलाओं की सामाजिक परिवर्तन में भूमिका का प्रेरक उदाहरण है। मणिपुर में सांस्कृतिक विविधता और आदिवासी समुदायों की बड़ी संख्या है, और सेनापति जिला इसकी उत्कृष्ट मिसाल है।”

मुर्मू ने ताफौ नगा गांव में आयोजित स्वागत समारोह में हिस्सा लिया, जहां विभिन्न आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने विस्थापित लोगों से भी मुलाकात की और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली।

आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर केंद्र का फोकस

अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि आदिवासी समुदायों का विकास सुनिश्चित करना राष्ट्र की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार स्थानीय नेताओं, नागरिक संगठनों और समुदायों के साथ मिलकर मणिपुर के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है, विशेष रूप से दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में।

‘मणिपुर की ताकत उसकी विविधता में निहित’

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मणिपुर की ताकत उसकी भाषा, संस्कृति और परंपराओं की विविधता में है। उन्होंने कहा, “मणिपुर के पहाड़ और घाटियां हमेशा एक-दूसरे के पूरक रहे हैं, मानो एक ही सुंदर भूमि के दो अविभाज्य हिस्से।”

शांति और सुलह के समर्थन का आग्रह

राष्ट्रपति मुर्मू ने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने और सुलह के प्रयासों का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “भारत सरकार मणिपुर के लोगों की आकांक्षाओं और चिंताओं को पूरी सहानुभूति से समझती है। हम राज्य के शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा आइए हम सब एक शांतिपूर्ण और समृद्ध मणिपुर के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करते रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *