जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, हर समस्या के त्वरित समाधान का दिया भरोसा

(गोरखपुर): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद करते हुए कहा, “घबराइए मत, हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दिया जाए और उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनी गईं।

महिलाओं की बड़ी भागीदारी

जनता दर्शन में महिलाओं की संख्या अधिक रही। मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और किसी को भी परेशान होने या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

गंभीर शिकायतों पर कार्रवाई

कुछ लोगों ने जमीन कब्जाने और मकान जलाने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा, गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लगाने वालों से मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं होगी, और सरकार भरपूर आर्थिक मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज में अस्पताल के खर्च की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री ने विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए पर्याप्त राशि जारी करने का भरोसा भी दिया।

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश झुकाया। इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर का भ्रमण कर लोगों से संवाद जारी रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *