हमीरपुर:हिमाचल प्रदेश कृषि विभाग ने छोटे किसानों से मनमानी कीमत वसूलने पर रोक लगाने के उद्देश्य से हमीरपुर जिले में फसलों की बुवाई, कटाई और ‘थ्रेसिंग’ के लिए नई दरें निर्धारित की हैं। कृषि विभाग के उपनिदेशक (हमीरपुर) शशिपाल अत्री ने बताया कि छोटे किसानों की लगातार शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने ट्रैक्टर से बुवाई तथा अन्य कृषि कार्यों की दरें तय करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों के लिए मनमाने दाम वसूले जा रहे थे, जिसके मद्देनज़र उपायुक्त हमीरपुर द्वारा नई दरें निर्धारित की गई हैं।
नई निर्धारित दरें (प्रति घंटा)
- ट्रैक्टर से जुताई व बुवाई: ₹1,200
- रोटावेटर से जुताई: ₹1,320
- कटाई एवं ‘थ्रेसिंग’: ₹1,320
- पावर टिलर से बुवाई: ₹500
- रीपर से कटाई: ₹1,300
- ब्रश कटर से कटाई: ₹400
किसानों से वसूल रहे थे 2000 रुपये प्रति घंटा जुताई
उल्लेखनीय है कि पहले ट्रैक्टर मालिक जुताई/बुवाई के लिए लगभग ₹2,000 प्रति घंटा, पावर टिलर से बुवाई के लिए ₹1,500 प्रति घंटा, और ब्रश कटर से कटाई के लिए ₹600 प्रति घंटा वसूल रहे थे। अत्री के अनुसार, निर्धारित दरों से अधिक राशि वसूलने वाले उपकरण या वाहन मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।