Goa fire accident deaths:(पणजी): उत्तरी गोवा के अरपोरा क्षेत्र स्थित एक नाइट क्लब में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों में चार पर्यटक और 14 नाइट क्लब के कर्मचारी शामिल हैं, जबकि बाकी सात मृतकों की पहचान अभी की जा रही है।
कैसे लगी आग?
यह हादसा अरपोरा स्थित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नामक नाइट क्लब में हुआ। आग किस वजह से लगी, इसका अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं और संबंधित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस का कहना है कि घटना के समय क्लब में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ गई। इस हादसे में घायल हुए छह लोगों को गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बम्बोलिम में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है और कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
मुख्यमंत्री सावंत ने घटना पर व्यक्त किया गहरा शोक
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार नाइट क्लब ने अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया था। उन्होंने कहा हम क्लब प्रबंधन और उन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे जिन्होंने अग्नि सुरक्षा नियमों की अवहेलना की।मुख्यमंत्री ने बताया कि यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब तटीय राज्य में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस घटना की गहन जांच कराएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
पहचान का काम जारी
पुलिस के मुताबिक मृतकों में कई क्लब कर्मचारी शामिल थे, जो आग फैलने के दौरान बाहर निकल नहीं पाए। कई शव पहचान योग्य स्थिति में नहीं होने के कारण उनके परिवारों को बुलाकर DNA जाँच की तैयारी की जा रही है। इस हादसे ने गोवा के नाइटलाइफ़ प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सरकार सभी क्लबों और बार में अग्नि सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच कराए।